इंदौर में पति ने पत्नी को युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा: डांट लगाने पर पत्नी ने एसिड पीकर दी जान; शादी को हुए थे 9 साल

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के दुधिया गांव में एक महिला ने एसिड पीकर जान दे दी। पति ने उसे एक युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में कमरे में देखा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद पति अपनी बेटी को लेकर घर से चला गया। कुछ देर बाद घर लौटने पर पत्नी की तबीयत बिगड़ी मिली। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति ने युवक के साथ देखा था
पुलिस के मुताबिक रानू (31) पत्नी सोनू लोधी ने बुधवार को एसिड पी लिया था। सोनू ने पुलिस को बताया कि वह घर पहुंचा तो पत्नी एक युवक आशीष के साथ कमरे में बैठी थी। इस बात पर उसने पत्नी को डांट लगाई। दोनों के बीच कुछ देर तक कहासुनी हुई।इसके बाद सोनू अपनी एक बेटी को लेकर घर से चला गया। उसके घर से निकलते ही आशीष भी वहां से चला गया।

वापस आया तो बिगड़ी मिली तबीयत
सोनू के मुताबिक, कुछ देर बाद जब वह घर वापस लौटा तो रानू की तबीयत खराब थी। पूछने पर उसने एसिड पीने की बात बताई। सोनू उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां इलाज के दौरान गुरुवार को रानू की मौत हो गई।
9 साल पहले हुई थी शादी
सोनू ने बताया कि उसकी और रानू की शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। सोनू मूल रूप से विदिशा का रहने वाला है और दुधिया में एक कीटनाशक कंपनी में काम करता है।
युवक के बारे में भी जानकारी जुटा रही पुलिस
सोनू के अनुसार, जिस आशीष को उसने पत्नी के साथ देखा था, वह भी दुधिया क्षेत्र का रहने वाला है। पति के घर पहुंचने के बाद वह वहां से चला गया था। फिलहाल खुड़ैल पुलिस ने मामला जांच में लिया है। पुलिस महिला के एसिड पीने की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।