इंदौर के पलासिया में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कूटर से अवैध शराब ले जा रहा आरोपी गिरफ्तार

पलासिया क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, स्कूटर से अवैध शराब ले जा रहा आरोपी गिरफ्तार
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के पलासिया क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रवीण अलोने को जुपिटर स्कूटर से अवैध शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।
आबकारी विभाग की टीम ने आरोपी के कब्जे से 6 बोतल जिन और 24 कैन बियर जब्त की हैं। अधिकारियों के अनुसार, शराब और वाहन समेत करीब 99 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। आबकारी विभाग लगातार जिले में अवैध शराब परिवहन और तस्करी पर नजर बनाए हुए है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






