| |

इंदौर नगर निगम पहुंचे कांग्रेस पार्षद: आयुक्त से मांगा जवाब; कहा- नामांतरण घोटाले को 2 महीने बीते कब होगी कार्रवाई

इंदौर। शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद दल और कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मुख्यालय पहुंचा। उन्होंने  नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल से मुलाकात कर नागरिकों की समस्याओं के साथ राजस्व विभाग में हुए नामांतरण घोटाले का मुद्दा उठाया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा- नामांतरण घोटाले को सामने आए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है। अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयुक्त ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर 15 दिन में रिपोर्ट देने की बात कही थी।

अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग
उन्होंने कहा जिन अधिकारियों की आईडी से नामांतरण प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई। उन्हें केवल जानकारी नहीं होने की बात कहकर जिम्मेदारी से दूर नहीं कर सकते। नेताओं ने संबंधित सहायक राजस्व अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की। जांच रिपोर्ट और परीक्षण के नाम पर मामले को लंबित न रखा जाए। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए।

गड्ढों वाली सड़कों पर जताया आक्रोश
प्रतिनिधिमंडल ने शहर की खराब सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों का मुद्दा उठाया। कहा कि इंदौर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में पहचान मिली है, लेकिन बारिश के दौरान सड़कों की हालत लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।

आरोप लगाया कि बारिश से पहले लाखों रुपये खर्च कर सड़कों का पेंचवर्क कराया गया था, लेकिन बारिश के बाद कई जगह गड्ढे दोबारा उभर आए। इससे पेंचवर्क की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस ने मांग की कि शहर की सभी खराब सड़कों और गड्ढों का दोबारा पेंचवर्क कराया जाए। साथ ही पिछली बार काम करने वाले ठेकेदारों से दोबारा बिना अतिरिक्त भुगतान के काम कराया जाए और घटिया निर्माण पर पेनल्टी लगाई जाए।

आयुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों मुद्दों पर जल्द कार्रवाई की मांग की। इस पर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कांग्रेस नेताओं को दोनों मामलों में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Share