| | |

इंदौर महापौर से मिले इटली के काउंसल जनरल: समझा शहर का वेस्ट मैनेजमेंट; निवेश की संभावना जताई 

इंदौर। इटली के काउंसल जनरल वॉल्टर फरेरा विशेष दल के साथ इंदौर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न नवाचारों को देखा।

इस दौरान काउंसल जनरल ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव से मुलाकात कर इंदौर के विकास मॉडल और भविष्य की परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

जनभागीदारी से बनाई अलग पहचान 
महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि किस तरह जनभागीदारी, आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन से इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। चर्चा के दौरान सौर ऊर्जा, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, स्वच्छता व्यवस्था और देश के बड़े सीएनजी प्लांट सहित विभिन्न नवाचारों की जानकारी भी दी।

विकास की लॉन्गटर्म योजनाओं पर बात की 
बैठक में इटली काउंसल जनरल वॉल्टर फरेरा ने भविष्य की परियोजनाओं और इंदौर के विकास की लॉन्गटर्म  योजनाओं पर भी बात की। इस दौरान स्वच्छता और मैनेजमेंट के क्षेत्र में इटली और इंदौर के बीच तकनीकी सहयोग और समझौते की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

शहर में निवेश की संभावना जताई 
फरेरा ने इंदौर में निवेश को लेकर भी संभावनाएं जताई। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल आगे बढ़ती है तो इंदौर के इंटरनेशनल रीलेशन और तकनीकी सहयोग को नई दिशा मिल सकती है। महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को इंदौर की उन परियोजनाओं से भी अवगत कराया, जिनके माध्यम से शहर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास किया जा रहा है।

इंदौर की व्यवस्थाओं को समझ रहे
महापौर ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता यात्रा अब केवल राष्ट्रीय उपलब्धि तक सीमित नहीं रही है। देश के विभिन्न शहरों के प्रतिनिधिमंडलों के बाद अब विदेशों से भी अधिकारी और विशेषज्ञ इंदौर पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं को समझ रहे हैं।

दुनिया के शहरों के लिए भी उदाहरण बन रहा इंदौर 
इटली के प्रतिनिधिमंडल की यात्रा इस बात का संकेत है कि इंदौर का मॉडल अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी  पहचान बना रहा है। इंदौर अब दुनिया के शहरों के लिए भी एक उदाहरण बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Share