इंदौर क्राइम ब्रांच का खुलासा: जिओ स्टार के नाम पर फर्जी ऐप; हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी

इंदौर। क्राइम ब्रांच ने फर्जी ऐप के जरिए लोगों से ठगी और कॉपीराइट उल्लंघन के मामले का खुलासा किया है। आरोप है कि JioStar का क्लोन बनाकर एक फर्जी ऐप तैयार किया गया। इसके जरिए देशभर में हजारों लोगों को सब्सक्रिप्शन बेचकर करोड़ों रुपए की ठगी की गई।
फर्जी ऐप पर करीब 1000 टीवी चैनल, 50 से ज्यादा लाइव चैनल और प्रीमियम कंटेंट दिखाया जा रहा था। इसके लिए 149 से लेकर 799 रुपए तक के सब्सक्रिप्शन बेचे जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, ऐप से करीब 20 हजार सब्सक्राइबर जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
जिओ स्टार की शिकायत पर FIR
JioStar India Private Limited की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने FIR दर्ज की है। पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन, आईटी एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
सिलिकॉन सिटी का पता भी फर्जी निकला
जांच में सामने आया कि फर्जी ऐप चलाने वालों ने सिलिकॉन सिटी में ऑफिस का पता बताया था। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यह पता फर्जी निकला। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर पूरा नेटवर्क चला रहे थे।
डोमेन और मोबाइल नंबरों की जांच
क्राइम ब्रांच अब ऐप से जुड़े डोमेन, होस्टिंग, ई-मेल और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और इससे कितने लोगों को नुकसान हुआ है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इसके बाद पूरे नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।