इंदौर में जनसुनवाई का नया सहारा: निशुल्क आवेदन लिखने की सुविधा, बुजुर्ग अम्मा ने कलेक्टर को दी दुआएं

इंदौर। कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में शुरू किया गया नवाचार लोगों के लिए बड़ी राहत बन रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा शुरू की गई इस पहल के तहत पीड़ित और परेशान लोगों के लिए निशुल्क आवेदन लिखने की टेबल लगाई गई हैं। इससे उन लोगों को सुविधा मिल रही है, जो अपना आवेदन खुद लिखने में असमर्थ हैं।
अब कार्यालय में ही उनका आवेदन लिखा जा रहा है, जिससे उन्हें जनसुनवाई में आवेदन देने में परेशानी नहीं हो रही है। इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में लगी निशुल्क आवेदन लिखने वाली टेबल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं और सुविधा के संबंध में उनका हाल भी जाना। इस दौरान आवेदकों को दी जा रही सहायता की जानकारी भी ली।
बुजुर्ग अम्मा ने दिया आशीर्वाद
निरीक्षण के दौरान टेबल पर एक बुजुर्ग अम्मा अपना आवेदन लिखवा रही थीं। कलेक्टर शिवम वर्मा को सामने देखकर वे खुश हो गईं। उन्होंने कलेक्टर को अपनी परेशानी बताई। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का जल्द निराकरण किया जाएगा। यह सुनकर अम्मा खुश हो गईं और हाथ मिलाकर कलेक्टर को दुआएं देने लगीं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के मन को छू गया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुविधा
मीडिया से चर्चा में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि कार्यालय में आने वाले हर आवेदक को पूरी सहायता और सुविधा दी जाए और आवेदनों का तत्काल निराकरण किया जाए। कई बार आवेदक अपना आवेदन लिखने में असमर्थ रहते हैं, इसलिए उनकी सुविधा के लिए टेबल लगाई गई हैं, जहां कर्मचारी निशुल्क आवेदन लिखते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि आने वाले हर आवेदक को बैठने की सुविधा मिले, आवेदन लिखे जाएं और समय पर निराकरण हो।