बड़वानी में स्मार्ट मीटर से आया 25 हजार बिल: पहले 6 सौ आता था; ग्रामीण बोलें- मीटर की होलिका जलाएंगे

बड़वानी। शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जून में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक कई गुना बढ़ गए हैं। पहले जिन घरों में 100 से 150 यूनिट तक बिजली की रीडिंग दर्ज होती थी, अब वहां 700 से 2500 यूनिट तक के बिल आ रहे हैं।
सोलर पैनल लगे घर भी इस समस्या से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि सोलर से रोज बिजली बनने के बावजूद बिल लगातार बढ़ रहे हैं। इससे वार्ड के करीब 150 परिवार परेशान हैं। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यालय के कई चक्कर लगाए। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाया है।
108 यूनिट की जगह आया 1854 यूनिट का बिल
वार्ड निवासी अखिलेश मुकाती ने बताया कि उनके घर में 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगा है। इससे रोज करीब 15 से 20 यूनिट बिजली बनती है। इसके बावजूद उनका बिजली बिल कई गुना बढ़ गया। मुकाती के अनुसार, पहले उनके घर में 108 से 120 यूनिट तक की खपत आती थी। स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले महीने 900 यूनिट का बिल आया। दूसरे महीने यह बढ़कर 1854 यूनिट हो गया।
उन्होंने बताया कि वह बिजली विभाग के कार्यालय में 3 से 4 बार शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि कर्मचारी हर बार मीटर को सही बताते हैं। साथ ही बिजली की खपत होने की बात कहते हैं।
मुकाती ने बताया कि वार्ड में करीब 150 परिवार हैं। इनमें खमाजी काग के घर का बिल करीब 2500 यूनिट प्रतिमाह आया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विभाग के अधिकारी उन्हें यह समझाएं कि घर में इतनी बिजली की खपत कैसे हो रही है।

200 रुपए का बिल पहुंचा 6480 रुपए
वार्ड निवासी कमल काग ने भी बिजली बिल बढ़ने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल से उनका बिल 150 से 200 रुपए के बीच आता था। इस महीने उन्हें 6480 रुपए का बिल मिला है। कमल काग के अनुसार, उनके घर में सिर्फ दो बल्ब और एक पंखा चलता है। पानी की मोटर भी तीसरे दिन चलती है। इसके बावजूद बिल हजारों रुपए में आ गया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने अधिकारियों से पुराना बिजली रिकॉर्ड देखने की मांग की। अधिकारियों ने बाद में मिलने और बिल कम करने की बात कही। हालांकि कितना बिल कम होगा, यह स्पष्ट नहीं किया गया।
1000 रुपए से बढ़कर 25 हजार हुआ बिल
एक अन्य उपभोक्ता संजय काग ने बताया कि पिछले महीने तक उनका बिजली बिल करीब 1000 रुपए आता था। इस महीने बिल बढ़कर 25 हजार रुपए हो गया। संजय काग के अनुसार, उनके घर में सिर्फ दो लाइट और दो पंखे चलते हैं। अधिकारियों के आने पर उन्होंने अधिक बिजली उपकरण चलाने की बात कही। संजय काग ने जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।

स्मार्ट मीटरों की होली जलाने की चेतावनी
बिजली बिलों में बढ़ोतरी से नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। लोगों ने अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं ने कहा कि पुराने बिजली बिल और स्मार्ट मीटर की रीडिंग की जांच की जाए। अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्मार्ट मीटरों की होली जलाई जाएगी। वार्ड के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। उपभोक्ता बढ़े हुए बिलों की जांच और जल्द सुधार की मांग कर रहे हैं।