इंदौर में जैन समाज का कलेक्टर कार्यालय पर हंगामा, कपड़े उतारकर किया विरोध प्रदर्शन
मध्यप्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों को कार से कुचलने की घटना के विरोध में देशभर में जैन समाज द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में इंदौर में भी जैन समाज के लोगों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे और उन्होंने घटना के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
इंदौर में प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताने के लिए कपड़े उतारकर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। समाजजनों ने इसे न्याय की मांग और आक्रोश का प्रतीक बताते हुए कहा कि रीवा की घटना ने पूरे जैन समाज को आहत किया है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, फास्ट ट्रैक जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। जैन समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि साध्वियों की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही का मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
गौरतलब है कि रीवा में दो जैन साध्वियों की कार से कुचलने के बाद मौत हो गई थी, जिसके विरोध में देश के कई शहरों में जैन समाज द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इंदौर में भी समाज का आक्रोश खुलकर सामने आया और बड़ी संख्या में लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे।






