इंदौर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया, खाद्य विभाग ने 25 सिलेंडर जब्त किए
इंदौर में अवैध रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडरों के संग्रहण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने जेल रोड स्थित महाराजा कॉम्पलेक्स में छापामार कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई महाराजा कॉम्पलेक्स की दुकान नंबर 13 पर की गई, जहां अवैध रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडरों का संग्रहण किया जा रहा था। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने मौके से 25 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में नियमों के विरुद्ध कमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है। इसके बाद कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में जुटा विभाग
खाद्य आपूर्ति विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि सिलेंडरों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या इनके भंडारण के लिए वैध अनुमति ली गई थी। साथ ही संबंधित संचालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
प्रशासन ने साफ किया है कि शहर में गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






