| | |

इंदौर डिप्टी कलेक्टर की कार में पेड़ गिरा: मां की मौत; तेज बारिश से सड़कें डूबीं, मैदान बने तालाब; दोपहर में शाम जैसा अंधेरा

इंदौर। शहर में दोपहर 2.45 बजे से गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। दोपहर 3 बजे शाम जैसा अंधेरा हो गया। पानी इतना तेज था कि रोड पर साफ दिखाई नहीं दे रहा था।

तेज बारिश के दौरान जेल रोड चौराहे पर इमली का पेड़ एक कार पर गिर गया। कार में नर्मदा विकास प्राधिकरण की उपसंचालक और डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां बैठी थी। हादसे में राधा देवी की मौत हो गई, जबकि साथ में बैठीं रिश्तेदार वैशाली घायल हैं।

सूचना मिलते ही नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर यातायात रुक गया। नयापुरा रास्ते और राजमहल कॉलोनी में भी पेड़ गिरने से ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को 0.04 इंच बारिश हुई है। ये इस साल के कोटे के मुताबिक कम है।जुलाई-अगस्त में कम बारिश के बाद लोग लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। मौसम विभाग पांच दिन पहले बारिश के आसार जताए थे। सितंबर के शुरुआती तीन दिनों में कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की थी।

अब देखें बारिश की तस्वीरें…

तस्वीर-1. चार घंटे की बारिश में इंदौर की सड़कें डूबीं।  

तस्वीर-2. बारिश इतनी तेज थी कि 10 मीटर दूर बिल्डिंग नहीं दिखाई दे रही थी।   

तस्वीर- 3. बारिश की वजह से जिमखाना ग्राउंड तालाब बन गया।

तस्वीर- 4 . बारिश के साथ चली तेज हवाएं ।

कई सड़कों पर पानी भरा, ट्रैफिक हुआ प्रभावित
तेज बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के चलते यातायात प्रभावित हुआ। कई जगह जाम की स्थिति बनी। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हुई। पैदल राहगीरों को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा। कलेक्ट्रेट चौराहे पर बारिश के कुछ ही देर बाद जलभराव हो गया।

जिमखाना ग्राउंड में बना तालाब
तेज बारिश का असर जिमखाना ग्राउंड पर भी दिखाई दिया। यहां पानी जमा होने से मैदान तालाब जैसा नजर आने लगा। लगातार बारिश के कारण जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठे।

सिंगापुर टाउनशिप का अंडरपास डूबा
देवास रोड स्थित सिंगापुर टाउनशिप का अंडरपास डूब गया। अंडरपास में पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई। रहवासियों ने अंडरपास के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।

बिजली सप्लाई भी बंद की गई
लगातार गरज-चमक के चलते कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। बारिश के दौरान विद्युत लाइनों और खुले तारों से हादसे की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया।

दो दिन से छाए थे बादल, दोपहर में बदला मौसम
शहर में पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए थे। सोमवार दोपहर अचानक बादलों की गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। काले बादलों के कारण दोपहर में शाम जैसा अंधेरा छा गया। 2.45 बजे शुरू हुई बारिश 6.20 बजे बंद हुई। इसके बाद मौसम साफ हो गया।

मौसम विभाग ने पांच दिन पहले जताए थे बारिश के आसार 
जुलाई-अगस्त में अपेक्षाकृत कम बारिश के बाद शहरवासियों को अच्छी बारिश का इंतजार था। मौसम विभाग ने करीब पांच दिन पहले सितंबर की शुरुआत में बारिश की संभावना जताई थी। शुरुआती दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई थी।|

बारिश के बाद वायरल फीवर का बढ़ेगा खतरा
मौसम में अचानक बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ सकता है। बारिश के बाद सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर के मरीज बढ़ने की आशंका रहती है। बच्चों और बुजुर्गों को मौसम में बदलाव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

सितंबर में बारिश का कोटा पूरा होने की उम्मीद
जुलाई-अगस्त में कम बारिश के बाद अब सितंबर की बारिश से राहत की उम्मीद है। मानसून सीजन के कुछ ही दिन बाकी हैं। सोमवार की तेज बारिश के बाद संभावना जताई जा रही है कि सितंबर में शहर में बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है।

Share