कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का पर्दाफाश! फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर ऐंठे पैसे, महिला समेत दो गिरफ्तार
कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का पर्दाफाश! फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर ऐंठे पैसे
इंदौर में कोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तुकोगंज थाना पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र (Appointment Letter) बनाकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने असिस्टेंट क्लर्क की नौकरी लगाने का झांसा देकर पीड़िता से हजारों रुपये ठग लिए थे।
नौकरी का झांसा देकर लिए 25 हजार रुपये
मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, उसके परिचित लक्ष्मण मेहरा ने खुद को कोर्ट का कर्मचारी बताते हुए असिस्टेंट क्लर्क के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर 25 हजार रुपये लिए और बाद में एक नियुक्ति पत्र सौंप दिया।
कोर्ट पहुंचते ही खुली फर्जीवाड़े की पोल
जब पीड़िता नियुक्ति पत्र लेकर संबंधित कोर्ट में ड्यूटी जॉइन करने पहुंची, तो जांच में सामने आया कि नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है। इसके बाद महिला ने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पूछताछ में सामने आया बड़ा खुलासा
शिकायत मिलने के बाद तुकोगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुख्य आरोपी लक्ष्मण मेहरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि फर्जी नियुक्ति पत्र रिंकू चौहान नामक महिला ने तैयार किया था, जो एक साइबर कैफे संचालित करती है।
इसके बाद पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
कंप्यूटर और डिजिटल उपकरण जब्त
पुलिस ने आरोपियों के साइबर कैफे से कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इनकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।






