जन आकांक्षाओं पर खरी उतर रही है इंदौर की जनसुनवाई, कलेक्टर शिवम वर्मा ने ढाई सौ से अधिक आवेदनों पर की सुनवाई

इंदौर जिले में हर मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई लगातार जन आकांक्षाओं पर खरी उतरती दिखाई दे रही है। आज कलेक्टर कार्यालय में हुई जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की मौजूदगी में ढाई सौ से अधिक नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई की गई, जिनमें से अधिकांश का स्थल पर ही त्वरित निराकरण किया गया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए स्पष्ट समय सीमा निर्धारित की गई।
जनसुनवाई की प्रभावशीलता का उदाहरण आज उस समय देखने को मिला जब नेहरू नगर निवासी श्रीमती रीना भूरिया अपने लंबे समय से बंद पड़े राशन कार्ड की समस्या लेकर पहुंचीं। कलेक्टर श्री वर्मा ने उनकी बात गंभीरता से सुनते हुए खाद्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल बुलाया और मौके पर ही समस्या का समाधान कराया। अब उन्हें नियमित रूप से राशन मिल सकेगा। श्रीमती भूरिया ने हाथो-हाथ समाधान के लिए कलेक्टर का आभार व्यक्त किया।
इसी तरह एक बुजुर्ग दंपत्ति ने अपने पुत्र द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत रखी। कलेक्टर ने मामला मध्यस्थता केंद्र को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा संपत्ति विवाद, पारिवारिक विवाद, मार्ग विवाद और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर विभागीय अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य हर नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता से सुनना और तेजी से समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और सभी शिकायतों का न्यायसंगत निपटारा किया जाए।
आज की जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पंवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान से जनसुनवाई इंदौर में जनविश्वास को और सुदृढ़ कर रही है।






