स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारी तेज! इंदौर को फिर नंबर-1 बनाने में जुटा नगर निगम
देश में अपनी स्वच्छता पहचान को बरकरार रखने के लिए इंदौर नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए निगम की ओर से व्यापक स्तर पर सफाई और सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
शहर की सफाई के साथ सौंदर्यीकरण पर भी फोकस
नगर निगम द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई अभियान के तहत सफाई की जा रही है। इसके साथ ही शहर को और अधिक सुंदर स्वरूप देने के लिए दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाई जा रही हैं।
इन पेंटिंग्स में इंदौर के इतिहास, संस्कृति और विरासत को भी दर्शाया जा रहा है, ताकि शहर की पहचान और समृद्ध परंपरा को लोगों तक पहुंचाया जा सके।
कभी भी पहुंच सकती है सर्वे टीम
नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम कभी भी दिल्ली से इंदौर पहुंच सकती है, ऐसे में नगर निगम द्वारा सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा रही हैं।
इंदौर के सामने नंबर-1 का लक्ष्य
गौरतलब है कि इंदौर लगातार कई वर्षों से देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव हासिल करता आया है। ऐसे में इस बार भी नगर निगम और प्रशासन का लक्ष्य स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 का मुकाम बरकरार रखना है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इंदौर एक बार फिर स्वच्छता में नया रिकॉर्ड बनाते हुए देश का सबसे स्वच्छ शहर बन पाता है या नहीं।




