| | | |

इंदौर में शराब के नशे में भाई ने ली भाई की जान ; बाणगंगा क्षेत्र की घटना, आरोपी हिरासत में

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित बाबा यादव की बड़ी गली में बुधवार सुबह पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान शराब के नशे में एक भाई ने अपने ही भाई के सिर पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई समेत दूसरे भाई को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि मृतक की पहचान संदीप पुत्र अनिल धर्म के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार सुबह किसी बात को लेकर भाइयों के बीच बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी भाई अजय ने संदीप के सिर पर भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार का तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल संदीप को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया।

तीनों भाई मजदूरी करते थे, शराब पीने के थे आदी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि परिवार में तीन भाई हैं और तीनों मजदूरी का काम करते थे। तीनों भाई शराब पीने के आदी हैं और घर पर अपनी मां के साथ रहते थे। बुधवार सुबह भी विवाद के दौरान आरोपी नशे में धुत था।

पुलिस ने दोनों भाइयों को भागीरथ चौकी पर बैठाया

वारदात की सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर आरोपी अजय और अस्पताल ले जाने वाले दूसरे भाई को भागीरथ चौकी पर हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Share