60 लाख चोरी केस में फरियादी को धमकाने पहुंचा आरोपी भतीजा, कोर्ट में बयान बदलने का बनाया दबाव

60 लाख चोरी केस में फरियादी को धमकाने पहुंचा आरोपी भतीजा, कोर्ट में बयान बदलने का दबाव
इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में कुछ समय पहले हुई 60 लाख रुपये की बड़ी चोरी के मामले में अब फरियादी पक्ष को डराने-धमकाने और कोर्ट केस को प्रभावित करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल से बाहर आते ही आरोपी ने फरियादी के घर पहुंचकर गवाहों को धमकाना शुरू कर दिया और केस में राजीनामा करने का दबाव बनाया।
60 लाख की चोरी का आरोपी निकला परिवार का ही सदस्य
पुलिस के अनुसार, फरियादी मनीषा यादव, निवासी 68/2 बाणगंगा, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 फरवरी को उनके सूने घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोने के कीमती आभूषण और नगदी सहित कुल 60 लाख 9 हजार 500 रुपये चोरी कर ले गए थे। इस मामले की रिपोर्ट 9 फरवरी को बाणगंगा थाने में दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस और पारिवारिक छानबीन में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी को किसी बाहरी गिरोह ने नहीं बल्कि फरियादी के सगे भतीजे रोहित उर्फ गोलू ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया था और बाद में कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया था।
जेल से छूटते ही फरियादी के घर पहुंचा आरोपी
पीड़िता मनीषा यादव ने पुलिस को बताया कि बीती दोपहर करीब 4 बजे, जेल से बाहर आया आरोपी रोहित उर्फ गोलू अपने साथी प्रद्युम्न के साथ जबरन उनके घर के आंगन में घुस आया। आरोपियों ने उन्हें कोर्ट में बयान बदलने और मामले में राजीनामा करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
जब मनीषा ने बयान बदलने और समझौता करने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उनके और पति विनोद यादव के साथ गाली-गलौज की। वहीं, आसपास के लोग जमा होने पर आरोपी कोर्ट में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया नया मामला
बाणगंगा थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रोहित उर्फ गोलू और उसके साथी प्रद्युम्न के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पर गवाह को डराने-धमकाने, कोर्ट केस को प्रभावित करने, जबरन घर में घुसने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।






