इंदौर-अबूधाबी फ्लाइट बनी कार्गो हब का जरिया: 3 घंटे में खाड़ी देश पहुंचीं हरी मिर्च-बेबी पोटैटो, वापसी में आ रहे ड्राई फ्रूट्स

देवी अहिल्याबाई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अबूधाबी के लिए इसी महीने शुरू हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीधी उड़ान यात्रियों के साथ-साथ एयर कार्गो कारोबार के लिए भी नई संभावनाएं खोल रही है। हाल ही में इस उड़ान के बेली कार्गो से 2,725 किलोग्राम ताजी हरी मिर्च और बेबी पोटैटो की पहली खेप अबूधाबी भेजी गई। करीब तीन घंटे की उड़ान में यह खेप गंतव्य तक पहुंच गई, जिससे मध्यप्रदेश के ताजे कृषि उत्पादों को खाड़ी देशों के बाजार तक तेज और सीधी पहुंच मिलने लगी है। गौरतलब है कि फरवरी में शारजाह उड़ान बंद होने के बाद से यह एक्सपोर्ट बंद हो गया था।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह निर्यात एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर-अबूधाबी फ्लाइट के बेली कार्गो के जरिए किया गया है। इसके शुरू होने से अब स्थानीय किसानों, व्यापारियों और निर्यातकों को अपनी उपज विदेश भेजने के लिए दिल्ली या मुंबई जैसे बड़े एयर कार्गो हब पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और परिवहन लागत में कमी आएगी और ताजी सब्जियां कम समय में विदेशी बाजार तक पहुंच सकेंगी। इस बार गुजरात की वर्ल्ड क्लास एक्सपोर्ट कंपनी ने दुबई के लिए यह सब्जी भिजवाई है।
दिल्ली-मुंबई पर निर्भरता होगी खत्म
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि यह उड़ान दोतरफा व्यापार के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक ओर इंदौर से ताजी सब्जियां और अन्य कृषि उत्पाद अबूधाबी भेजे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वापसी में विमान के बेली कार्गो के जरिए ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य आयातित सामान इंदौर लाया जाता है। इससे न केवल एयर कार्गो कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद है, बल्कि इंदौर को मध्य भारत के उभरते एयर कार्गो हब के रूप में भी मजबूती मिल सकती है।
- सप्ताह में चार दिन संचालित हो रही उड़ान
एयरपोर्ट के पीआरओ रामस्वरूप यादव ने बताया कि एयरपोर्ट से पहले भी खाड़ी देशों के लिए नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के दौरान भिंडी, हरी मिर्च सहित कई ताजी सब्जियों का निर्यात होता था। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद होने के बाद यह सिलसिला थम गया था, लेकिन अब अबूधाबी सेवा शुरू होने के साथ एयर कार्गो गतिविधियां फिर रफ्तार पकड़ने लगी हैं। फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंदौर-अबूधाबी उड़ान सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित हो रही है। निर्यातकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में सब्जियों के साथ-साथ फल, मसाले और अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात भी बढ़ेगा।