इंदौर में 80 साल पुराने जर्जर मकान पर निगम का बुलडोजर: सिलावटपुरा में कार्रवाई; मल्हार आश्रम में 50 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए

इंदौर। नगर निगम ने गुरुवार को जोन क्रमांक 2 और 3 में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। जोन-2 के वार्ड 69 स्थित 53 सिलावटपुरा में करीब 70-80 साल पुराने जर्जर G+2 भवन को नगर निगम की रिमूवल टीम ने ध्वस्त कर दिया।
भवन अधिकारी पल्लवी पाल ने बताया कि भवन काफी पुराना और जर्जर अवस्था में था। कार्रवाई से पहले संबंधित भवन मालिक को विधिवत नोटिस भी दिए गए थे।

इधर, जोन-3 के मल्हार आश्रम ग्राउंड में शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित सड़क निर्माण के मार्ग में आ रहे करीब 50 अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीम ने सड़क निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को हटाया।
नगर निगम की दोनों कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार के विरोध या प्रदर्शन की स्थिति सामने नहीं आई।

“आयुक्त महोदय के आदेशानुसार ज़ोन 2 के वार्ड 69 स्थित 53 सिलावटपुरा में 70-80 साल पुराने G+2 जर्जर भवन को ध्वस्त किया गया है, जिसके लिए पहले विधिवत नोटिस दिए गए थे। वहीं ज़ोन 3 के मल्हार आश्रम ग्राउंड में शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित सड़क निर्माण के मार्ग में आ रहे लगभग 50 अस्थाई अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।”- भवन अधिकारी पल्लवी पाल