इंदौर में 11 साल पुराने मर्डर के आरोपी गिरफ्तार: 2015 में की थी 17 साल के नाबालिग की हत्या; पहले से कई मामले दर्ज

इंदौर। खजराना पुलिस ने 11 साल पुराने मर्डर में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला वर्ष 2015 का है। 17 वर्षीय कृष्णा की लूट के बाद हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और डिजिटल सबूतों के आधार पर अकील और आरिफ को गिरफ्तार किया है।
विरोध करने पर चाकू से हमला किया
आरोपियों ने कृष्णा से पहले लिफ्ट ली। इसके बाद उसके साथ खाना खाया। कृष्णा के गले में लॉकेट देखकर आरोपियों ने लूट की साजिश रची। उसे सुनसान जगह ले जाकर लूटपाट की गई। कृष्णा ने विरोध किया तो आरोपी अकील ने उसके गले पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए मोटरसाइकिल समेत अन्य साक्ष्य जलाने का प्रयास किया था।

लूट का सामान बरामद
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में अकील और आरिफ के साथ परवेज भी शामिल था। परवेज की मौत हो चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चेन, लॉकेट, मोटरसाइकिल समेत लूट का सामान बरामद किया है।
पहले से कई मामले दर्ज
दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। उनके खिलाफ इंदौर व उज्जैन में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुराने मामले को सुलझाने में मुखबिर तंत्र और डिजिटल सबूतों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने लंबे समय से लंबित इस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। – अमन राठौर, डीसीपी