|

इंडोनेशिया में आया 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी

इंडोनेशिया में गुरुवार तड़के 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे तटीय इलाकों में दहशत फैल गई। यूएसजीएस के अनुसार, यह भूकंप पूर्वी इंडोनेशिया के तट से दूर समुद्र में आया।

भूकंप का केंद्र मोलुक्का सागर क्षेत्र में लगभग 30 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। प्रारंभिक रिपोर्ट में इसकी तीव्रता 7.8 बताई गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर 7.4 कर दिया गया।

भूकंप के बाद पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने चेतावनी जारी करते हुए कहा कि केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। यह खतरा खासकर इंडोनेशिया, फिलीपींस और मलेशिया के तटीय क्षेत्रों के लिए बताया गया है।

इंडोनेशिया की स्थानीय एजेंसी ने भी भूकंप की पुष्टि करते हुए इसकी तीव्रता 6.4 और गहराई 13 किलोमीटर बताई है।

गौरतलब है कि इंडोनेशिया प्रशांत अग्नि वलय पर स्थित है, जो दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय सक्रिय क्षेत्रों में से एक है। यही कारण है कि यहां अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी गतिविधियां देखने को मिलती हैं।

इससे पहले 3 मार्च को भी सुमात्रा के पास 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई थी, हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ था।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share

Similar Posts