अर्जेंटीना दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम तैयार, 13 अप्रैल से शुरू होगी चार मैचों की सीरीज

भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेंटीना के अपने अहम दौरे के लिए पूरी तरह तैयार है। टीम 13 से 17 अप्रैल के बीच ब्यूनस आयर्स में मेजबान अर्जेंटीना के खिलाफ चार मैचों की सीरीज खेलेगी।

हॉकी इंडिया के अनुसार, टीम ने दौरे पर रवाना होने से पहले बेंगलुरु में कड़ा अभ्यास किया। हाल ही में हैदराबाद में हुए एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालिफायर्स 2026 में उपविजेता रहने के बाद भारतीय टीम इस फॉर्म को बरकरार रखना चाहेगी।

इस दौरे में नियमित कप्तान सलीमा टेटे की गैरमौजूदगी में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर टीम की कप्तानी संभालेंगी। वहीं, अनुभवी गोलकीपर सविता की वापसी टीम के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाली साबित होगी।

डिफेंस में हाल ही में अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली निक्की प्रधान और अनुभवी सुशीला चानू अहम भूमिका निभाएंगी। उनके साथ इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता जैसे खिलाड़ी डिफेंस को मजबूती देंगे।

मिडफील्ड में युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। नेहा, वैष्णवी विट्ठल फालके और सुनेलिता टोप्पो के साथ मिलकर टीम संतुलन बनाएगी। वहीं, साक्षी राणा, ऋतुजा पिसाल, इशिका और दीपिका सोरेंग जैसे खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का शानदार मौका होगा।

आक्रमण की बात करें तो नवनीत कौर, लालरेमसियामी के साथ मिलकर टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी। बलजीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग और वापसी कर रहीं मुमताज खान टीम के अटैक को और मजबूत बनाएंगी।

टीम के मुख्य कोच स्जोर्ड मारिजने ने कहा कि इस दौरे पर 23 खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि टीम विभिन्न संयोजनों के साथ खेलकर बेहतर प्रदर्शन और जीत के तरीके तलाशेगी।

यह दौरा भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि टीम दुनिया की दूसरी रैंकिंग वाली अर्जेंटीना के खिलाफ अपने खेल को और बेहतर करने का प्रयास करेगी।

Share

Similar Posts