ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम घोषित, सलीमा टेटे को कप्तानी

हॉकी इंडिया ने 26 से 30 मई तक ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में होने वाले दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम इस दौरे पर चार मैचों की सीरीज़ खेलेगी, जिसके मुकाबले 26, 27, 29 और 30 मई को पर्थ हॉकी स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इस टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिला है।
राष्ट्रमंडल खेल-2022 और एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के रूप में सविता, सुशीला चानू पुखरामबाम, लालरेमसियामी और नवनीत कौर को शामिल किया गया है, जबकि हिना बानो, सोनम और लालथांतलुआंगी जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।
यह दौरा 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में होने वाले FIH महिला नेशंस कप 2025-26 की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। भारतीय टीम हाल ही में अर्जेंटीना दौरे पर अच्छे प्रदर्शन के बाद आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी, जहां टीम ने चार मैचों की सीरीज़ में दो जीत दर्ज की थीं।
फॉरवर्ड लाइन में नवनीत कौर टीम के आक्रमण की अगुवाई करेंगी। उनके साथ बलजीत कौर, दीपिका, अन्नू, इशिका, हिना बानो और रुतुजा दादासो पिसाल को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि हिना बानो को पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है।
गोलकीपिंग विभाग की जिम्मेदारी सविता और बिछू देवी खारीबाम संभालेंगी। वहीं रक्षा पंक्ति में निक्की प्रधान, इशिका चौधरी, सुशीला चानू, लालथांतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास को शामिल किया गया है। शिल्पी डबास और लालथांतलुआंगी को पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है।
मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा, लालरेमसियामी, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, दीपिका सोरेंग और सोनम को शामिल किया गया है। हालांकि सोनम अभी तक सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण नहीं कर पाई हैं।
मुख्य कोच सजोर्डन मारिजन ने कहा कि टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का शानदार अवसर देगा और नेशंस कप की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।






