भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर 4-1 से सीरीज जीती, ईशान किशन का तूफानी शतक और अर्शदीप का पंजा

भारतीय क्रिकेट टीम ने ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 46 रनों से हराकर पांच मैचों की सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

भारतीय जीत के सबसे बड़े नायक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन रहे, जिन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 103 रन बनाए। उनकी इस पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। यह ईशान किशन का पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक था और न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे तेज शतक भी साबित हुआ। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 63 रनों की सधी हुई पारी खेली, जबकि हार्दिक पांड्या ने अंत में 17 गेंदों पर 42 रन बनाकर स्कोर को और मजबूत किया।

271 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत आक्रामक रही। फिन एलेन ने 38 गेंदों पर 80 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन उनके आउट होते ही पूरी टीम दबाव में आ गई। न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई।

गेंदबाजी में भारत की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा पांच विकेट हॉल रहा। इसके अलावा अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए, जबकि वरुण चक्रवर्ती को 1 सफलता मिली।

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में अपना दबदबा पूरी तरह साबित किया। नागपुर में पहला मुकाबला जीतने के बाद भारतीय टीम ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया, जबकि न्यूजीलैंड की एकमात्र जीत विशाखापट्टनम में चौथे टी20 मैच में आई थी। अंतिम मुकाबले में दमदार जीत के साथ भारत ने न सिर्फ सीरीज जीती, बल्कि आगामी टी20 विश्व कप से पहले अपना आत्मविश्वास भी मजबूत किया।

Share

Similar Posts