|

भारत ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत बनाए तीन गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड, 3 करोड़ से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर 2025
भारत ने “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत तीन गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाकर इतिहास रच दिया है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चला और इसमें देशभर से अभूतपूर्व सामुदायिक भागीदारी देखने को मिली।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान के तहत 3 करोड़ 21 लाख से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवा प्लेटफ़ॉर्म पर पंजीकरण कराया — जो किसी एक महीने में सबसे अधिक पंजीकरण का रिकॉर्ड है।

इसके अलावा, सिर्फ एक हफ़्ते में 9 लाख 94 हज़ार से अधिक महिलाओं ने स्तन कैंसर की ऑनलाइन जांच के लिए पंजीकरण कराया, जो एक नया विश्व रिकॉर्ड बना। साथ ही राज्य स्तर पर एक सप्ताह में 1 लाख 25 हज़ार लोगों ने विभिन्न बीमारियों के लक्षणों की जांच हेतु पंजीकरण कराकर तीसरा रिकॉर्ड बनाया।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस अभियान में 20 से अधिक मंत्रालयों ने भाग लिया, जिनमें केंद्र सरकार के संस्थान, मेडिकल कॉलेज और निजी संगठन शामिल थे। इस राष्ट्रीय पहल का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और परिवारों को सशक्त बनाना था।

अभियान के दौरान 5 लाख से अधिक पंचायती राज प्रतिनिधियों, 1 करोड़ 14 लाख स्कूल व कॉलेज के छात्रों, 94 लाख स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और 5 लाख सामुदायिक केंद्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इन तीनों रिकॉर्ड्स के साथ भारत ने एक बार फिर साबित किया है कि जब सरकार, समाज और नागरिक एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार और विकसित भारत” का सपना साकार किया जा सकता है।

Share

Similar Posts