| | |

भारत-LAC व्यापार निवेश फोरम 2026 आज इंदौर में, 15 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

इंदौर। मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश और व्यापार के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज शनिवार को इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन (LAC) व्यापार-निवेश फोरम 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

राज्य सरकार के सहयोग से ग्लोबल इंडिया बिज़नेस फोरम (GIBF) द्वारा इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित इस फोरम में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजदूत, एक उच्चायुक्त और एक महावाणिज्यदूत सहित बड़ी संख्या में निवेशक, उद्योगपति, निर्यातक और सरकारी अधिकारी शामिल होंगे।

350 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता

फोरम में 350 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें उद्योग जगत के प्रतिनिधि, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, निवेशक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके अलावा देश के चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करेंगे।

निवेश और व्यापार के नए अवसरों पर होगी चर्चा

इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों द्वारा निवेश प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही व्यापार एवं निवेश सहयोग, निर्यात विस्तार और औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए कई विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

फोरम में विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण उद्योगों पर चर्चा होगी, जिनमें औषधि (फार्मास्यूटिकल्स), ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण प्रमुख रूप से शामिल हैं। विशेषज्ञ इन क्षेत्रों में भारत और लैटिन अमेरिकी देशों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

सेवा क्षेत्र में भी खुलेगी नई संभावनाएं

कार्यक्रम के दौरान सेवा क्षेत्र में निवेश और साझेदारी के अवसरों पर भी विशेष फोकस रहेगा। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर विभिन्न पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन क्षेत्रों में साझेदारी से मध्य प्रदेश और भारत को नए वैश्विक बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा तथा विदेशी निवेश आकर्षित करने में मदद मिलेगी।

B2B और B2G बैठकों पर रहेगा जोर

फोरम की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में उद्योगों और निवेशकों के बीच होने वाली B2B (Business-to-Business) और B2G (Business-to-Government) बैठकें शामिल हैं। इन बैठकों के माध्यम से निवेशकों और सरकारी एजेंसियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित होगा, जिससे व्यापारिक समझौतों और निवेश प्रस्तावों को गति मिलने की उम्मीद है।

मध्य प्रदेश को मिलेगा वैश्विक मंच

भारत-LAC व्यापार-निवेश फोरम 2026 को मध्य प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। इस आयोजन से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपनी औद्योगिक क्षमता, निर्यात संभावनाओं और निवेश-अनुकूल नीतियों को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन न केवल विदेशी निवेश आकर्षित करेंगे, बल्कि मध्य प्रदेश को वैश्विक व्यापार नेटवर्क से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।

Share

Similar Posts