भारत और जापान के बीच ‘धर्मा गार्डियन’ सैन्य अभ्यास का सातवां संस्करण आज से शुरू

भारत और जापान के बीच वार्षिक सैन्य अभ्यास ‘धर्मा गार्डियन’ का सातवां संस्करण आज उत्तराखंड में शुरू हुआ। यह अभ्यास भारतीय सेना और जापान की जमीनी आत्मरक्षा बल (Japan Ground Self-Defense Force) के बीच आयोजित किया जा रहा है और अगले महीने की 9 तारीख तक चलेगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस अभ्यास में दोनों पक्षों से कुल 120 सदस्यीय दल भाग ले रहे हैं। जापानी दल में 32वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक शामिल हैं, जबकि भारतीय टीम में लद्दाख स्काउट्स के जवान भाग ले रहे हैं।
भारत और जापान में बारी-बारी से आयोजित होने वाला यह अभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण स्तंभ है। इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य सैनिकों के कौशल में सुधार, आपसी तालमेल बढ़ाना और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है।
इस अभ्यास के दौरान अत्याधुनिक युद्ध तकनीक, रणनीतिक अभियानों और संयुक्त प्रशिक्षण गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा, जिससे दोनों देशों की सेनाओं के बीच सामरिक समझ और युद्धक क्षमता में वृद्धि होगी।
यह पहल भारत-जापान के सैन्य और रणनीतिक सहयोग को और मजबूती देने के साथ क्षेत्रीय स्थिरता और सामरिक साझेदारी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






