भारत और इज़राइल ने आतंकवाद के सभी प्रारूपों और अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की

भारत और इज़राइल ने नई दिल्ली में आयोजित 10वीं आतंक रोधी बैठक (Joint Working Group – JWG) के दौरान आतंकवाद और इसके सभी प्रारूपों व अभिव्यक्तियों की कड़ी निंदा की। बैठक में दोनों पक्षों ने आतंकवादी संगठनों, उनके प्रतिनिधियों, समर्थकों, प्रायोजकों और वित्तपोषकों के खिलाफ सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में आतंकरोधी मामलों के संयुक्त सचिव डॉ. विनोद बहादे ने किया। इजराइली पक्ष का नेतृत्व सामरिक मामलों के ब्यूरो प्रमुख नादव एस्चर ने किया। दोनों पक्षों ने आतंकवादियों की भर्ती, आतंकवादी उद्देश्यों के लिए प्रौद्योगिकी के दुरुपयोग, आतंकवाद वित्तपोषण और मानवरहित हवाई वाहनों, ड्रोन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बढ़ते उपयोग जैसी उभरती चुनौतियों पर भी चर्चा की।
बैठक में भारत-इज़राइल रणनीतिक साझेदारी के व्यापक दायरे पर भी प्रकाश डाला गया। दोनों देशों ने द्विपक्षीय ढाँचों के तहत प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान और सूचना विनिमय के माध्यम से सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। इसके अलावा कानूनी सहायता, कानून प्रवर्तन और न्यायिक सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर भी ध्यान दिया गया।
आतंकरोधी संयुक्त कार्य-समूह की अगली बैठक इज़राइल में आयोजित की जाएगी, जिससे भारत-इज़राइल सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूती मिलेगी।






