भूटान को हराकर भारत सैफ महिला चैम्पियनशिप के फाइनल में, अब बांग्लादेश से होगी खिताबी भिड़ंत
पांच बार की चैम्पियन भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने सैफ महिला चैम्पियनशिप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भूटान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना मौजूदा चैम्पियन बांग्लादेश से शनिवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
ग्रुप चरण में दो मैचों में 14 गोल दागने वाली भारतीय टीम से एकतरफा प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन भूटान ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए मुकाबले को बेहद प्रतिस्पर्धी बना दिया। लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची भूटान की टीम ने भारतीय आक्रमण को लंबे समय तक रोककर रखा।
फीफा रैंकिंग में 69वें स्थान पर काबिज भारत ने शुरुआती मिनटों से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा। करिश्मा, सौम्या गुगुलोथ और अवेका सिंह ने कई अवसर बनाए, लेकिन खराब फिनिशिंग और भूटान की गोलकीपर के बेहतरीन प्रदर्शन के कारण पहला हाफ बिना किसी गोल के समाप्त हुआ।
भूटान ने भी जवाबी हमलों के जरिए भारतीय रक्षा पंक्ति को चुनौती दी, लेकिन वह अपने मौकों को गोल में तब्दील नहीं कर सकी। मुकाबले का रोमांच दूसरे हाफ में भी बरकरार रहा।
भारत को आखिरकार 60वें मिनट में सफलता मिली, जब सनफिदा नोंगरुम ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। यही गोल मैच का निर्णायक क्षण साबित हुआ और अंत तक भारत की बढ़त कायम रही।
गोल के बाद भारतीय मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने अनुभवी खिलाड़ियों मनीषा कल्याण और प्यारी जाक्षा को मैदान पर उतारकर बढ़त मजबूत करने की कोशिश की, लेकिन टीम दूसरा गोल नहीं कर सकी। दूसरी ओर भूटान ने अतिरिक्त समय तक मुकाबला ले जाने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन भारतीय डिफेंस ने कोई मौका नहीं दिया।
अंततः भारत ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। यह जीत भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि टीम अब 2019 के बाद पहली बार सैफ महिला चैम्पियनशिप का खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।
इससे पहले खेले गए पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश ने नेपाल को 2-1 से हराकर लगातार तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई थी। बांग्लादेश ने 2022 और 2024 में भी खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में शनिवार को होने वाला भारत और बांग्लादेश के बीच फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
