| |

आज नई दिल्ली में भारत–अरब देशों के विदेश मंत्रियों की दूसरी बैठक, 22 अरब देशों की भागीदारी

भारत और अरब देशों के बीच कूटनीतिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत–अरब देशों के विदेश मंत्रियों की दूसरी बैठक आज राजधानी नई दिल्ली में आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक की सह-अध्यक्षता भारत और संयुक्त अरब अमीरात द्वारा की जा रही है।

बैठक में अरब लीग के सदस्य देशों के विदेश मंत्री और अरब लीग के महासचिव भाग ले रहे हैं। यह पहली बार है जब भारत नई दिल्ली में इस बैठक की मेजबानी कर रहा है, जिसमें सभी 22 अरब देशों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

10 साल बाद हो रही अहम बैठक

उल्लेखनीय है कि भारत और अरब देशों के विदेश मंत्रियों की यह बैठक 10 वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है। इससे पहले पहली बैठक वर्ष 2016 में बहरीन में आयोजित हुई थी। उस बैठक में सहयोग के पांच प्राथमिकता वाले क्षेत्रों
अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, शिक्षा, मीडिया और संस्कृति—की पहचान की गई थी।

मौजूदा सहयोग को मिलेगी मजबूती

इस बैठक से पहले कल नई दिल्ली में भारत–अरब वरिष्ठ अधिकारियों की चौथी बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें एजेंडा और रणनीतिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। कूटनीतिक जानकारों का मानना है कि आज की विदेश मंत्रियों की बैठक से मौजूदा सहयोग को नई गति मिलेगी और भारत तथा अरब देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और अधिक प्रगाढ़ होगी।

बैठक में व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, शिक्षा सहयोग, सांस्कृतिक आदान–प्रदान और क्षेत्रीय–वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श होने की संभावना है। ऐसे में यह बैठक भारत की पश्चिम एशिया नीति और अरब जगत के साथ रिश्तों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

Share

Similar Posts