दिल्ली-एनसीआर में बारिश से गर्मी से राहत, केरल में मानसून की एंट्री के बाद कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक के बाद देश के कई हिस्सों में मौसम गतिविधियां तेज होने के संकेत मिले हैं।
आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार को भी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 6 जून को भी मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 जून को दिल्ली में आसमान सामान्यतः साफ रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
आईएमडी ने बताया कि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश के बाद अगले सात दिनों के दौरान केरल और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी अगले पांच से छह दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देश के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और अन्य मौसम प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है।
पूर्वोत्तर भारत में अगले छह दिनों तक तथा दक्षिण प्रायद्वीपीय, पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार बिहार के कुछ इलाकों में 6 से 8 जून के बीच, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 7 से 10 जून तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 जून के दौरान लू चलने की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, रायलसीमा, केरल और माहे के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम बुलेटिन पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
