|

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मामलों की समीक्षा करेगा ICC, दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा

नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में बांग्लादेश का दौरा कर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से जुड़े प्रशासनिक और चुनावी मामलों में हुए हालिया घटनाक्रमों की समीक्षा की।

आईसीसी की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल में क्रिकेट साउथ अफ्रीका के आईसीसी बोर्ड निदेशक डॉ. मोहम्मद एएस मूसाजी और जिम्बाब्वे क्रिकेट के तावेंगा मुकुहलानी शामिल थे। दोनों अधिकारियों ने दौरे के दौरान विभिन्न हितधारकों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति का आकलन किया।

आईसीसी ने जारी बयान में कहा कि प्रतिनिधिमंडल अपनी टिप्पणियों और निष्कर्षों की विस्तृत रिपोर्ट उचित समय पर आईसीसी बोर्ड को सौंपेगा। इसके आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि इस दौरे और समीक्षा प्रक्रिया को लेकर प्रतिनिधिमंडल की ओर से कोई सार्वजनिक या मीडिया टिप्पणी नहीं की जाएगी। आईसीसी ने मीडिया में चल रही विभिन्न रिपोर्टों और दावों को लेकर कहा कि फिलहाल उन्हें आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए।

आईसीसी के अनुसार, जब तक प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर देता, तब तक इस मामले में सामने आ रही खबरें और चर्चाएं केवल अटकलों के दायरे में ही मानी जाएंगी।

गौरतलब है कि हाल के समय में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रशासनिक और चुनावी मामलों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा होती रही है। इसी पृष्ठभूमि में आईसीसी ने स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए यह प्रतिनिधिमंडल भेजा था।

अब क्रिकेट जगत की नजर आईसीसी बोर्ड को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की दिशा तय हो सकती है।

Share

Similar Posts