होमगार्ड भर्ती परीक्षा शुरू: देवरिया के 10 केंद्रों पर 25,344 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तहत Deoria जिले में आज से लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 25,344 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र 409 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 4,224 परीक्षार्थी शामिल होंगे और परीक्षा की अवधि 120 मिनट निर्धारित की गई है।
प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 केंद्र व्यवस्थापक और 10 सह केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए हैं। इसके अलावा बाहरी परीक्षा सहायकों और 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
परीक्षा केंद्रों में प्रमुख रूप से अशोक इंटर कॉलेज डुमरी, बाबा राघवदास इंटर कॉलेज, दीनानाथ पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक और अन्य संस्थान शामिल हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।






