|

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने पत्रकारों, लेखकों और मीडिया कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने लोकतंत्र को मजबूत करने, जनजागरण और सामाजिक बदलाव में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता समाज की चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर जनजागरण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में हिंदी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

ओम बिरला ने यह भी कहा कि तकनीकी क्रांति और डिजिटल युग में हिंदी की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। अब हिंदी केवल अखबारों और टेलीविजन तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, कंप्यूटर, इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से करोड़ों लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है।

वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने समाज को जागरूक करने, लोकतंत्र को सशक्त बनाने और जनसरोकारों को प्रभावी अभिव्यक्ति देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने पत्रकारों से लोकहित और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान जारी रखने का आह्वान किया।

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने हिंदी पत्रकारिता से जुड़े सभी लोगों को नमन करते हुए कहा कि ‘कलम की ताकत’ से समाज को जागरूक, प्रबुद्ध और सशक्त बनाने वाले लोकतंत्र के सजग प्रहरियों का योगदान अमूल्य है।

इसके अलावा केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल समाचार संकलन का इतिहास नहीं, बल्कि जनचेतना, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धारा रही है। उन्होंने कहा कि सत्यता, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों के साथ हिंदी पत्रकारिता ने लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज को जागरूक करने में अहम योगदान दिया है।

नेताओं ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर लोकतांत्रिक मूल्यों और हिंदी भाषा के संवर्धन के संकल्प को और मजबूत करने की बात कही।

Share

Similar Posts