हीरो हॉकी इंडिया लीग 2027 के लिए खिलाड़ी पंजीकरण शुरू, भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

हॉकी इंडिया ने हीरो हॉकी इंडिया लीग 2027 के लिए खिलाड़ियों की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। खिलाड़ी नीलामी सितंबर 2026 में आयोजित की जाएगी, जबकि पंजीकरण प्रक्रिया 15 मई 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है।

2024-25 सीजन में लीग की सफल वापसी और 2025-26 संस्करण की लोकप्रियता के बाद आगामी सीजन को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। जनवरी 2027 में होने वाली इस लीग में भारत सहित दुनिया के कई बड़े हॉकी देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

हॉकी इंडिया के अनुसार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण खुले हैं। यह लीग अंतरराष्ट्रीय हॉकी जगत में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है और खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शन का अवसर देती है।

पिछले सीजन में 1000 से अधिक खिलाड़ियों ने नीलामी के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय और विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। इससे लीग की बढ़ती लोकप्रियता और वैश्विक आकर्षण का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पिछले संस्करण में महिला वर्ग का खिताब एसजी पाइपर्स ने जीता था, जबकि पुरुष वर्ग में वेदांता कलिंगा लांसर्स चैंपियन बना था। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि लीग ने खुद को विश्व हॉकी के सबसे रोमांचक मंचों में स्थापित किया है और 2027 संस्करण पहले से अधिक प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।

Share

Similar Posts