| |

हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी अमेरिका पहुंचे: NCSL समिट में हुए शामिल; कहा- आज भी प्रेरणा देते हैं स्वामी विवेकानंद के विचार

देवास। हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी अमेरिका दौरे पर हैं। वे शिकागो में आयोजित लेजिस्लेटिव समिट-2026 में हिस्सा ले रहे हैं। यह अलग-अलग राज्यों के विधायकों का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है। इसमें कई देशों के जनप्रतिनिधि और नीति-निर्माता शामिल हो रहे हैं।

स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक स्थल का किया भ्रमण
सम्मेलन के दौरान विधायक मनोज चौधरी शिकागो स्थित आर्ट इंस्टीट्यूट ऑफ शिकागो भी पहुंचे। यह वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां स्वामी विवेकानंद ने अपने प्रसिद्ध संबोधन के माध्यम से भारत की संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया था।

सीढ़ियों पर आज भी दर्ज हैं स्वामी विवेकानंद के विचार
विधायक चौधरी ने बताया कि आर्ट इंस्टीट्यूट परिसर की सीढ़ियों पर आज भी स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण के अंश और सर्वधर्म समभाव से जुड़े संदेश कलात्मक रूप में संरक्षित हैं। उन्होंने इसे प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का विषय बताया।

‘स्वामी जी के विचार आज भी प्रेरणा देते हैं’
इस अवसर पर विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक और प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को स्वामी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर निरंतर मेहनत के बल पर आगे बढ़ना चाहिए और देश व समाज की सेवा के लिए समर्पित रहना चाहिए।

क्षेत्र में जताई जा रही खुशी
विधायक ने भारत की संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए “भारत माता की जय” का उद्घोष भी किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधित्व और भारतीय संस्कृति के सम्मान को लेकर देवास जिले एवं क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।

Share