हमीरपुर में बेतवा पुल से नदी में गिरा तेज रफ्तार डंपर, चालक की मौत
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर बने बेतवा पुल की रेलिंग तोड़कर एक तेज रफ्तार डंपर नदी में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कानपुर से गिट्टी लेने के लिए महोबा जिले के कबरई जा रहा डंपर देर रात बेतवा पुल पर अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार होने के कारण डंपर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद डंपर की केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि मृतक की पहचान मौदहा कोतवाली क्षेत्र के रौगाल स्थित मिराजपुरवा गांव निवासी 29 वर्षीय राजकुमार पुत्र राजा भैया के रूप में हुई है। वह कानपुर से डंपर लेकर कबरई जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे में पुल की रेलिंग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
