|

H-1B वीज़ा पर भारतीयों की समस्याओं को लेकर भारत-अमेरिका के बीच लगातार बातचीत

भारत H-1B वीज़ा वाले भारतीय नागरिकों को होने वाली दिक्कतों को दूर करने और कम करने के लिए अमरीका के साथ लगातार बातचीत कर रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में कहा कि सरकार को ऐसे भारतीय नागरिकों से कई शिकायतें मिली हैं जिन्हें अमरीकी वीज़ा अपॉइंटमेंट शेड्यूल या री-शेड्यूल करने में देरी और दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने नई दिल्ली और वॉशिंगटन डीसी में अमरीकी अधिकारियों के सामने ये चिंताएं उठाई हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस देरी की वजह से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों को काफी परेशानी हो रही है, जिसमें पढ़ाई में रुकावट भी शामिल है।

प्रवक्ता ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ दुश्मनी पर भी गहरी चिंता जताई। बांग्लादेश के मैमनसिंह शहर में हाल में एक हिंदू युवक की बेरहमी से हत्या की निंदा करते हुए, श्री जायसवाल ने कहा कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान स्वतंत्र सूत्रों ने अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की दो हजार नौ सौ से घटनाओं को दर्ज किया है, जिसमें हत्या, आगजनी और ज़मीन हड़पने के मामले शामिल हैं।

Share

Similar Posts