Gwalior में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो-ऑटो टक्कर में 5 की मौत, 4 घायल

मध्य प्रदेश के Gwalior में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाटीपुर क्षेत्र स्थित परशुराम चौराहे के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। तड़के करीब तीन बजे हुई इस टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक पहले भी एक ई-रिक्शा को टक्कर मार चुका था और पुलिस उसका पीछा कर रही थी। बचने के प्रयास में तेज रफ्तार से भागते हुए उसने ऑटो को टक्कर मार दी। घायलों का कहना है कि चालक नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
इस हादसे में एक ही परिवार के कई लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।





