|

गुरुग्राम में 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, पुलिस करेगी डिपोर्टेशन की कार्रवाई

गुरुग्राम। राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है, जो कथित रूप से बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार पकड़े गए सभी व्यक्तियों के पास बांग्लादेशी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और अब उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके देश वापस भेजने की तैयारी की जा रही है।

निर्माणाधीन साइटों और झुग्गियों में चला अभियान

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (अपराध) हितेश यादव के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम ने गुरुग्राम के विभिन्न निर्माणाधीन स्थलों, श्रमिक बस्तियों और झुग्गी क्षेत्रों में विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके दस्तावेजों और नागरिकता की जांच की गई।

जांच में सामने आया कि पकड़े गए लोग कथित तौर पर कालियागंज सीमा क्षेत्र के रास्ते बांग्लादेशी एजेंटों की मदद से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किए थे। इसके बाद वे मजदूर बनकर विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे थे और काम कर रहे थे।

पुलिस ने नागरिकों से की सत्यापन की अपील

पुलिस उपायुक्त हितेश यादव ने आम नागरिकों, मकान मालिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों, घरेलू सहायकों, कर्मचारियों तथा होटल एवं अन्य संस्थानों में कार्यरत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं।

उन्होंने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर जारी रहेगा अभियान

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की जाएगी और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Share

Similar Posts