कोल इंडिया में 2% हिस्सेदारी बेचेगी सरकार, OFS खुलते ही निवेशकों की भारी दिलचस्पी
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की खनन कंपनी Coal India Limited (CIL) में अपनी 2 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी में हिस्सेदारी बिक्री के लिए ऑफर फॉर सेल (OFS) बुधवार से गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुल गया है। सरकार ने इसके लिए न्यूनतम मूल्य 412 रुपये प्रति शेयर तय किया है और इस बिक्री से करीब 5,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद जताई जा रही है।
दो दिन तक चलने वाली इस बिक्री पेशकश के तहत सरकार करीब 12.32 करोड़ शेयर बेच रही है। इसमें 1 फीसदी का ग्रीनशू विकल्प भी शामिल किया गया है। खुदरा निवेशकों को इसमें निवेश का मौका 29 मई को मिलेगा, क्योंकि 28 मई को शेयर बाजार बंद रहेगा।
शेयर बाजार खुलने के शुरुआती एक घंटे में ही गैर-खुदरा निवेशकों की ओर से जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 27.39 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई गई, जो उनके लिए आरक्षित 5.54 करोड़ शेयरों से काफी अधिक है। संकेतात्मक मूल्य करीब 414.57 रुपये प्रति शेयर दर्ज किया गया।
सरकार द्वारा तय 412 रुपये का न्यूनतम मूल्य मंगलवार के बंद भाव 458.25 रुपये की तुलना में लगभग 10 फीसदी कम है। हालांकि, बुधवार को कंपनी का शेयर बाजार में गिरावट के साथ कारोबार करता दिखाई दिया और करीब 447.70 रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2026-27 में किसी सरकारी कंपनी के लिए यह दूसरा OFS है। इससे पहले सरकार ने Central Bank of India में 8.08 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर लगभग 2,266 करोड़ रुपये जुटाए थे।






