सर्राफा बाजार में सोना 1.60 लाख के पार, चांदी की चमक फीकी

घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बना लिया है। आज के कारोबार में सोना 2,840 से 3,100 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो गया, जिसके चलते देश के अधिकांश बाजारों में इसकी कीमत 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई। वहीं इसके विपरीत चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गई और यह 5,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो गई।
आज के कारोबार में तेजी के कारण देश के प्रमुख सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट सोना 1,60,260 से 1,60,410 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में कारोबार करता देखा गया। इसी तरह 22 कैरेट सोना 1,46,900 से 1,47,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बिकता नजर आया। दूसरी ओर दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत गिरकर 3,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
साप्ताहिक आधार पर देखें तो बीते सप्ताह सोने और चांदी दोनों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। पिछले सप्ताह 24 कैरेट सोना 16,480 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ, जबकि 22 कैरेट सोने की कीमत 15,100 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ी। वहीं चांदी ने पूरे सप्ताह में 40,000 रुपये प्रति किलोग्राम की छलांग लगाई, हालांकि आज इसमें गिरावट देखने को मिली।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने के दाम मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का हाजिर भाव 4,967.41 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। वहीं लंदन सिल्वर मार्केट में चांदी 100 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने के बाद फिलहाल 99.46 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रही है।
प्रमुख शहरों की बात करें तो दिल्ली में आज 24 कैरेट सोना 1,60,410 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,47,050 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,60,260 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर है। अहमदाबाद, भोपाल और पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,60,310 रुपये तथा 22 कैरेट सोने की कीमत 1,46,950 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर जैसे प्रमुख शहरों में भी आज 24 कैरेट सोना 1,60,260 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया।
सर्राफा बाजार के जानकारों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती, डॉलर में उतार-चढ़ाव और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण सोने की कीमतों में यह तेजी बनी हुई है।






