|

ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

वैश्विक शेयर बाजारों से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी, यूरोपीय और एशियाई बाजारों में दबाव का माहौल बना हुआ है, जिससे निवेशकों की धारणा सतर्क नजर आ रही है।

अमेरिकी बाजारों में पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किए जाने से निराशा का माहौल देखने को मिला। हालांकि, डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज मामूली 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 49,015.60 अंक पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,857.45 अंक पर बंद हुआ। इसके विपरीत एस एंड पी 500 0.01 प्रतिशत की हल्की कमजोरी के साथ 6,978.03 अंक पर बंद हुआ।
आज डाउ जॉन्स फ्यूचर्स 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 49,001.96 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजारों में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.53 प्रतिशत गिरकर 10,154.43 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स 1.07 प्रतिशत टूटकर 8,066.68 अंक पर आ गया, जबकि डीएएक्स इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,822.79 अंक पर बंद हुआ।

एशियाई बाजारों में भी आज ज्यादातर सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। एशिया के नौ प्रमुख बाजारों में से सात में गिरावट दर्ज की जा रही है। हालांकि कोस्पी इंडेक्स 0.84 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,214.32 अंक और हैंग सेंग इंडेक्स 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 27,982 अंक पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर गिफ्ट निफ्टी 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,346 अंक पर बना हुआ है। ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.52 प्रतिशत फिसलकर 32,632 अंक पर पहुंच गया है। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट देखी गई और यह 6.60 प्रतिशत टूटकर 7,771.33 अंक पर आ गया।

इसके अलावा सेट कंपोजिट, शंघाई कंपोजिट, स्ट्रेट्स टाइम्स और निक्केई इंडेक्स भी हल्की से मध्यम गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक संकेतों और केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर अनिश्चितता के कारण फिलहाल बाजारों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

Share

Similar Posts