गंगा दशमी पर अन्नपूर्णा तालाब के विकास कार्यों का भूमिपूजन, जल संरक्षण का दिया संदेश
गंगा दशमी पर्व के अवसर पर इंदौर में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत अन्नपूर्णा तालाब पर जलाशय पूजन एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मधु वर्मा ने पूजा-अर्चना कर करीब 1.50 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
अन्नपूर्णा तालाब परिसर में छठ पूजा घाट, प्रवेश द्वार, सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की शपथ भी दिलाई गई। आयोजन में जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू, पार्षद प्रशांत बडवे, महापौर प्रतिनिधि भरत पारख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जल संरक्षण का जनसंकल्प है। उन्होंने कहा कि जल का उत्पादन संभव नहीं है, इसलिए केवल संरक्षण और बेहतर प्रबंधन के जरिए ही भविष्य के जल संकट से बचा जा सकता है। मंत्री ने नागरिकों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर में पिछले तीन वर्षों से “नो कार डे” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने नागरिकों से हर शुक्रवार को स्वेच्छा से नो कार डे अपनाने, सार्वजनिक परिवहन और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
महापौर ने बताया कि लगातार बढ़ती आबादी के कारण शहर में जल की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में भविष्य के जल संकट से बचने के लिए वर्षा जल संरक्षण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने गंगा दशमी के अवसर पर नागरिकों से कम से कम 10 लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने की अपील भी की।





