आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी, किशनगंज एसडीपीओ गौतम कुमार पर 1.94 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप

आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने मंगलवार को बिहार के किशनगंज में एसडीपीओ-वन गौतम कुमार के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

यह कार्रवाई किशनगंज के अलावा पूर्णिया, अररिया, पटना और सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) सहित कई स्थानों पर की जा रही है।

ईओयू की टीम मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तीन वाहनों से एसडीपीओ के आवास और कार्यालय पहुंची। करीब 12 अधिकारियों की टीम दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड, जमीन से जुड़े कागजात और अन्य वित्तीय लेन-देन की जांच में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में एसडीपीओ गौतम कुमार पर आय से अधिक करीब 1 करोड़ 94 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का आरोप सामने आया है।

जांच एजेंसी उनके पुश्तैनी घर सहरसा, पटना स्थित आवास और पूर्णिया में ससुराल समेत अन्य ठिकानों की भी तलाशी ले रही है।

छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है और अधिकारी सभी दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में गौतम कुमार ने जिले में अवैध बालू खनन, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसी बीच उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत सामने आई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा होने की संभावना है।

Share

Similar Posts