| |

एमपी-यूपी बॉर्डर पर 2 किमी लंबा जाम: प्रयागराज में ट्रकों की एंट्री बंद; 12 घंटे से फंसे वाहन

रीवा। एमपी-यूपी बॉर्डर स्थित चाकघाट में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गुरुवार सुबह करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। प्रयागराज में ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद बुधवार शाम से ही बॉर्डर पर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई थी।

देर रात तक स्थिति बिगड़ती गई और गुरुवार सुबह तक ट्रकों की लंबी लाइन हाईवे पर दिखाई देने लगी। जाम की स्थिति 12 घंटे से अधिक समय तक बनी रही।

ट्रकों की एंट्री रोकने से बढ़ी परेशानी
ट्रक चालकों ने बताया कि प्रयागराज में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के कारण ट्रकों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इसके चलते मध्यप्रदेश से उत्तरप्रदेश की ओर जाने वाले बड़ी संख्या में ट्रक चाकघाट बॉर्डर पर पहुंचकर फंस गए।

वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने से हाईवे पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई। इसका असर चाकघाट से प्रयागराज और रीवा की ओर आने-जाने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी पड़ा और उन्हें घंटों तक धीमी गति से सफर करना पड़ा।

Kanwar Yatra Impact: Truck Traffic Jam At Prayagraj-Rewa Chakghat Border

प्रशासन ने शुरू कराई जाम खुलवाने की कार्रवाई
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने ट्रकों को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने की व्यवस्था शुरू कराई, जिसके बाद जाम की स्थिति में कुछ राहत मिलनी शुरू हुई।

हालांकि, गुरुवार दोपहर तक भी बड़ी संख्या में ट्रक और अन्य भारी वाहन हाईवे पर कतार में खड़े रहे। प्रशासन लगातार यातायात को सामान्य करने में जुटा हुआ है।

Kanwar Yatra Impact: Truck Traffic Jam At Prayagraj-Rewa Chakghat Border

एडिशनल एसपी बोले- केवल ट्रकों को रोका गया
रीवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रयागराज की ओर केवल ट्रकों के आवागमन को रोका गया है, जबकि अन्य छोटे और यात्री वाहनों की आवाजाही जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ट्रकों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ा रही है ताकि हाईवे पर यातायात पूरी तरह सामान्य किया जा सके।

Share