एमपी सीएम बोले- नशा नाश की जड़: ‘नशा मुक्त अभियान’ में शामिल हुए सीएम; बच्चों के साथ पीएम का संबोधन सुना

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। भोपाल स्थित मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन देखा और सभी को नशा न करने का संकल्प दिलाया।
देश की युवा शक्ति को नशे से बचाना जरूरी: मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज से पूरे देश में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा और सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, इसलिए युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देश ने नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है, उसी तरह अब नशे के खिलाफ भी जनभागीदारी के साथ निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी।
परिवार, समाज और संस्थाओं को मिलकर करना होगा काम
डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज, परिवार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों को मिलकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेना होगा।उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
MANIT परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।