एमबीए थर्ड सेमेस्टर की विशेष परीक्षा के लिए मिली विश्वविद्यालय की अनुमति, 6 अगस्त से शुरू होगी परीक्षा
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के एमबीए के छात्रों के लिए एक खुशखबर है। जो बच्चे खेल प्रतियोगिताओ में भाग लेने के कारण परीक्षा नहीं दे पाए थे, उनके लिए विश्वविद्यालय ने तीसरे सेमेस्टर की विशेष परीक्षा करवाने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा 6 अगस्त से शुरू होकर 9 सितंबर तक चलेगी। परीक्षा के लिए अगले सप्ताह से विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे।
प्लेसमेंट और खेल प्रतियोगिता के कारण नहीं दें पाए परीक्षा
दरअसल तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान कई सारे विद्यार्थी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने गए थे। कुछ विद्यार्थी प्लेसमेंट होने के कारण नौकरी से जुड़ी चयन प्रक्रिया और प्रक्षिशण में भी व्यस्त रहे। इस वजह से कुछ विषयों के पेपर वह नहीं दे पाएं। इस वजह से कई सारे छात्रों को तीसरे सेमेस्टर में एटीकेटी दी गई है।
कुलगुरु से मिले विद्यार्थी
इसके बाद कई विद्यार्थी कुलगुरु राकेश सिंघई से मिलने पहुंचे विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने पहले, दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली हैं, लेकिन विशेष परिस्थितियों के कारण तीसरे सेमेस्टर की कुछ परीक्षाएं नहीं दे पाए थे। इसके चलते उनकी शैक्षणिक प्रगति प्रभावित हो रही थी।
दिसंबर-जनवरी में होती है थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा
बता दें कि थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर-जनवरी में होती है। लेकिन किन्ही विशेष परिस्थितियों में पुनः परीक्षा करवाने का प्रावधान भी है। इसी आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विशेष परीक्षा कराने का फैसला लिया, जिसमें एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट, फाइनेंशियल एडमिनिस्ट्रेशन, ह्यूमन रिसोर्स (एचआर) और फुल टाइम एमबीए पाठ्यक्रम शामिल है। जानकारी के अनुसार 1500 से 2000 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे।