| | |

झाबुआ में अतिक्रमण हटाकर पंचायत को सौंपी जमीन: स्कूल व्यवस्था से SDM नाराज; बारिश में जिनके घर गिरे उनको मिलेगा मुआवजा

झाबुआ। SDM महेश मंडलोई शनिवार को पूरे दिन एक्शन मोड में नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों के सघन दौरे के दौरान उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने, बारिश पीड़ित को राहत दिलाने और प्राइमरी स्कूल की व्यवस्थाओं की जांच जैसी तीन बड़ी कार्रवाई कीं।

अवैध कब्जा हटाकर पंचायत को सौंपी जमीन
ग्राम सुला मउड़ा में शासकीय सर्वे नंबर 47 पर लंबे समय से अवैध कब्जा होने की शिकायत मिल रही थी। प्रशासनिक टीम के साथ पहुंचे SDM मंडलोई ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवाया और जमीन का कब्जा ग्राम पंचायत को सौंप दिया। अधिकारियों के मुताबिक समय रहते कार्रवाई होने से गांव में संभावित विवाद और तनाव की स्थिति टल गई।

बारिश से क्षतिग्रस्त मकान का किया मुआयना
इसके बाद SDM ग्राम बलवन पहुंचे, जहां लगातार बारिश से ग्रामीण अनसिंह का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया था। उन्होंने मौके पर नुकसान का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आरबीसी-6(4) के तहत तत्काल मुआवजा प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता मिल सके।

स्कूल में मिड-डे मील व्यवस्था पर नाराजगी
दौरे के दौरान SDM ने स्थानीय प्राइमरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच में बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए भोजन संचालन कर रहे बजरंग स्वयं सहायता समूह को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और व्यवस्था में सुधार करने को कहा।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे और शासकीय योजनाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share