दिल्ली में खराब मौसम से हवाई सेवाएं प्रभावित, 8 फ्लाइटें लखनऊ डायवर्ट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खराब मौसम के चलते हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं और दिल्ली जाने वाली आठ उड़ानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमौसी एयरपोर्ट) पर डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं और मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दिल्ली में मौसम खराब होने और उड़ान संचालन प्रभावित होने के कारण विभिन्न शहरों से आने वाली उड़ानों को एहतियातन लखनऊ उतारा गया।
इन उड़ानों को किया गया डायवर्ट
एयर इंडिया (AI 2904) आंध्र प्रदेश से दिल्ली जा रही थी। विमान रात 12:00 बजे लखनऊ पहुंचा और मौसम में सुधार होने पर रात 1:42 बजे दिल्ली रवाना हुआ। विमान में 156 यात्री सवार थे।
इंडिगो (6E 932) अहमदाबाद से दिल्ली जा रही थी। इसे रात 12:18 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया और रात 1:52 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस उड़ान में 230 यात्री मौजूद थे।
एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX 1029) पटना से दिल्ली जा रही थी। विमान रात 12:32 बजे लखनऊ उतरा और रात 2:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इसमें 147 यात्री सवार थे।
एयर इंडिया (AI 1847) ओडिशा से दिल्ली जा रही थी। यह विमान रात 12:59 बजे लखनऊ पहुंचा और मौसम सामान्य होने के बाद रात 2:26 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इसमें 166 यात्री सवार थे।
इंडिगो (6E 6457) मंगलूरु से दिल्ली जा रही थी। यह उड़ान रात 1:06 बजे लखनऊ पहुंची और रात 2:32 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
एयर अस्ताना (KC 963) कजाकिस्तान से दिल्ली जा रही थी। विमान को रात 1:12 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया और मौसम सुधरने पर रात 2:52 बजे दिल्ली भेजा गया।
इंडिगो (6E 6636) नासिक से दिल्ली जा रही थी। यह विमान रात 1:20 बजे लखनऊ पहुंचा और बाद में रात 3:20 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। विमान में 197 यात्री सवार थे।
स्पाइसजेट (SG 2478) पटना से दिल्ली जा रही थी। इसे रात 1:37 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद विमान को दिल्ली भेज दिया गया। इसमें 84 यात्री सवार थे।
यात्रियों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान
अमौसी एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। दिल्ली में मौसम की स्थिति सुधरने के बाद सभी उड़ानों को क्रमवार अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर पड़ा, जिसके चलते कई उड़ानों के संचालन में अस्थायी बदलाव करना पड़ा।
