ईडी का लूथरा ब्रदर्स और सहयोगियों के दिल्ली और गोवा के आठ ठिकानों पर छापा

गोवा नाइट क्लब अग्निकांड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने लूथरा ब्रदर्स और उनके सहयोगियों के दिल्ली और गोवा स्थित कुल आठ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई लूथरा भाइयों से जुड़े तीन ठिकानों पर गोवा और पांच ठिकानों पर दिल्ली में की जा रही है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने यह कार्रवाई गोवा के एक नाइट क्लब के प्रमोटरों के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दिसंबर में गोवा के उक्त नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद इस मामले में जांच तेज की गई थी।
ईडी को आशंका है कि नाइट क्लब के संचालन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन में अनियमितताओं और अवैध धन के इस्तेमाल की संभावना है। इसी कड़ी में लूथरा ब्रदर्स और उनसे जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल छापेमारी जारी है और जांच एजेंसी को इस दौरान महत्वपूर्ण सबूत और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की संभावना जताई जा रही है। ईडी की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया जा सकता है।






