ECI का बड़ा फैसला: मतदान केंद्रों पर मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, मतदाताओं के लिए खास इंतजाम

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने आगामी विधानसभा चुनाव और उपचुनावों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कुल 2,18,807 मतदान केंद्रों पर ‘न्यूनतम सुविधाएं’ (AMF) और ‘मतदाता सहायता’ की व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्रों पर पीने का पानी, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, मानक मतदान कक्ष और स्पष्ट संकेतक जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए कतार में नियमित अंतराल पर बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी, ताकि लंबा इंतजार करने में परेशानी न हो।
इसके साथ ही, सभी मतदान केंद्रों पर मानकीकृत मतदाता सुविधा पोस्टर (VFP) लगाए जाएंगे, जिनमें मतदान केंद्र का विवरण, उम्मीदवारों की सूची, जरूरी निर्देश और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
चुनाव आयोग ने तकनीक और सहायता को बढ़ावा देते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सहायता बूथ (VAB) स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। यहां बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और कर्मचारी मतदाताओं को उनकी वोटिंग डिटेल्स ढूंढने में मदद करेंगे।
एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत मतदान केंद्रों के बाहर मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता अपने फोन को बंद कर सुरक्षित जमा कर सकेंगे और मतदान के बाद वापस ले सकेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी व्यवस्थाओं को मतदान से पहले पूरी तरह लागू करना अनिवार्य होगा, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।






